रायपुर/छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शालू डहरिया की उम्मीदों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिर से रौशन कर दिया। चीन में होने वाली एशिया यूथ सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में शालू की भागीदारी अब मुख्यमंत्री की मदद से संभव हो सकी है।

साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली शालू डहरिया के लिए 1.70 लाख की राशि एक बड़ी चुनौती बन चुकी थी। लेकिन जब ये सपना टूटता नजर आया, तब खुद मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सामने आए। उन्होंने वीडियो कॉल कर शालू को न सिर्फ हौसला दिया, बल्कि आर्थिक मदद का वादा भी निभाया।

मुख्यमंत्री ने कहा –
“बेटी, तुम आगे बढ़ो… हम सब तुम्हारे साथ हैं। देश और छत्तीसगढ़ को तुम पर गर्व है।”
शालू का चयन 14 से 20 जुलाई को चीन के सिआन शहर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे अब तक 12 बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सीएम के निर्देश पर तुरंत ₹1.70 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा।
परिवार का आभार:
शालू की मां अल्का डहरिया ने कहा –
“मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता और मदद से मेरी बेटी का सपना सच हो रहा है। हम उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं।”