कोरिया/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने उज्ज्वला गैस कनेक्शन, पिंक ई-रिक्शा और गार्बेज रिक्शा वितरित कर आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 105 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस योजना से परिवारों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षित व स्वच्छ ईंधन की सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
वहीं स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) सौंपे गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देगी।इसके अलावा जिले की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यवस्था नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है, जिसमें महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने दोहराया कि सरकार जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।

