रायपुर/राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का एक अभिनव और सकारात्मक प्रयास है, जो उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में माधवास रॉक बैंड की संगीतमयी प्रस्तुति से पूरा माहौल भक्ति भाव से सराबोर रहा। राधा-कृष्णमय वातावरण में मुख्यमंत्री ने भक्तों के साथ फूलों की होली खेली और युवाओं से अध्यात्म और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और देश-प्रदेश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है। जब युवा अध्यात्म से जुड़ते हैं तो उनमें सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। साथ ही आज 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है, जिससे वे होली का त्योहार खुशियों के साथ मना सकेंगे।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, अजय जामवाल, आलोक डंगस, सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक, इस्कॉन रायपुर के स्वामी सुलोचन प्रभुजी, स्वामी तमाल कृष्ण प्रभुजी, स्वामी निखिलापति प्रभुजी, स्वामी रघुपति दास सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।

