जगदलपुर/केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सोमवार को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में गरिमामय आगमन हुआ। वे यहां ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय ‘बस्तर पण्डुम’ के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं।
मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गृह मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, महापौर संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने भी गृह मंत्री का स्वागत किया।
गौरतलब है कि बस्तर पण्डुम के माध्यम से बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया है। समापन समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति को क्षेत्र के सांस्कृतिक और विकासात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

