रायपुर/छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 7 फरवरी को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी स्थित कावेरी इंडस्ट्री की ऑयल फैक्ट्री में दोपहर के समय अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर तक आसमान में दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री से अचानक आग की तेज लपटें उठती दिखीं, जिसके बाद काले धुएं का घना गुबार छा गया। बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान फैक्ट्री के भीतर ब्लास्ट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं।
फैक्ट्री में ऑयल, डामर, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के साथ राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से आसपास के इलाके को सतर्क रहने की अपील की गई है।

