रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। मंत्रिपरिषद ने नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए प्रदेश के 10 जिलों में जिला स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन और 100 नए पदों को मंजूरी दी। साथ ही पुलिस मुख्यालय में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के गठन हेतु 44 पद स्वीकृत किए गए।
कैबिनेट ने राज्य में फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन (FTO) की स्थापना, छत्तीसगढ़ स्टार्टअप नीति 2025-26, और क्लाउड फर्स्ट नीति को मंजूरी दी। इससे युवाओं को रोजगार, आईटी सेवाओं में मजबूती और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा 35 आवासीय कॉलोनियों को नगर निकायों को सौंपने, नवा रायपुर में बहुमंजिला शासकीय भवन निर्माण, सिरपुर और अरपा क्षेत्र के सुनियोजित विकास तथा मोबाइल टावर योजना को भी स्वीकृति दी गई। मोबाइल टावर योजना से ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

